भोजनमाताओं की राज्यव्यापी हड़ताल, हरिद्वार में विकास भवन पर जोरदार प्रदर्शन..

हरिद्वार।
उत्तराखंड की भोजनमाताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्यव्यापी हड़ताल की। इस हड़ताल में हरिद्वार जिले के छह ब्लॉकों की भोजनमाताएं शामिल रहीं। हड़ताल के चलते भोजनमाताओं ने स्कूलों में कार्य का बहिष्कार किया और विकास भवन रोशनाबाद पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।

धरने के दौरान भोजनमाताओं ने एक सभा का आयोजन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। भोजनमाताओं का कहना है कि वे वर्षों से कम मानदेय, अतिरिक्त काम और असुरक्षित परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है।

भोजनमाताओं की प्रमुख मांगें
भोजनमाताओं ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा घोषित 5,000 रुपये मासिक मानदेय को तत्काल लागू किया जाए। इसके साथ ही उनसे अतिरिक्त कार्य करवाना बंद किया जाए। उन्होंने न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये प्रतिमाह लागू करने की मांग की।

इसके अलावा स्कूलों में रसोईघर, गैस, पानी और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, उत्पीड़न, शोषण और अभद्र व्यवहार के मामलों में सख्त कार्रवाई तथा भोजनमाताओं को सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व प्रदान करने की मांग भी उठाई गई।

भोजनमाताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।