फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 15 लाख की ठगी, पांच हजार के इनामी आरोपी को सिडकुल पुलिस ने दबोचा

हरिद्वार। सिडकुल थाना पुलिस ने फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार वर्ष 2024 में राकेश कुमार ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मोहित अग्रवाल और अन्य लोगों ने फोरेक्स ट्रेडिंग तथा सेर्मस की खरीद-फरोख्त के नाम पर उनसे 15 लाख रुपये की ठगी की। मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था। गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि न्यायालय से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट प्राप्त किए गए थे। इसके बाद टीम को दोबारा सक्रिय किया गया। रविवार को अहम सुराग मिलने पर आरोपी मोहित अग्रवाल को वेब सिटी थाना क्षेत्र, गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।