श्रीयंत्र पुलिया हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ने पत्थर से सिर कुचलकर की थी हत्या.

हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के दोस्त को मथुरा से गिरफ्तार करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। आरोपी ने बहनों पर अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित होकर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करना कबूल किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कनखल थाने में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि सात फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में खून से लथपथ एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की और शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान कुनाल (15) निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली, कनखल के रूप में हुई।

छह फरवरी की रात साथ बैठकर पी थी शराब

घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

जांच के दौरान फुटेज में कुनाल को शराब के ठेके से शराब खरीदते और एक संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ जाते हुए देखा गया। स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम निवासी दुर्गा कॉलोनी, थाना गोवर्धनपुर (यूपी), हाल निवासी लाटोवाली, कनखल के रूप में हुई। घटना के बाद से वह फरार था।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मथुरा भाग गया है। पुलिस टीम ने मथुरा पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अरविंद ने बताया कि वह कुछ समय से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था और कुनाल उसका दोस्त व पड़ोसी था। छह फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी।

आरोपी के अनुसार, नशे की हालत में कुनाल ने उसकी बहनों पर अभद्र टिप्पणी की और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने उसे थप्पड़ मार दिए। इससे गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर कुनाल के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद वह फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।