हिट एंड रन: अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटर सवार की मौत, चालक फरार

विकासनगर। बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटर सवार की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अरविंद सिंह (46) निवासी किम्मी गांव, नौगांव, थाना पुरोला, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। वह चंडीगढ़ पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (सीडीपीएल) में ठेकेदारी का कार्य करता था और घटना के समय चंडीगढ़ से देहरादून की ओर जा रहा था।

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे कुल्हाल जल विद्युत गृह के पास एक व्यक्ति के सड़क पर घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर चौकी प्रभारी विवेक भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एक स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला, जबकि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने बताया कि अरविंद सिंह रात करीब 11 बजे चंडीगढ़ से देहरादून के लिए निकले थे। मृतक के बेटे विक्रम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कुछ संदिग्ध वाहनों को चिन्हित किया गया है। आरोपी वाहन चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं।