Roorkee: महिला के व्हाट्सएप पर भेजा था लिंक, एक क्लिक करते ही खाली हो गया अकाउंट

एक महिला को ऑनलाइन शॉपिंग में छूट का झांसा देकर ठग ने 37 हजार रुपये साफ कर दिए। ठग ने महिला के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा था।

एक क्लिक करते ही महिला का बैंक अकाउंट खाली हो गया। पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

Iगंगनहर कोतवाली क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी पूनम का शहर के एक बैंक में खाता है। पूनम काफी समय से ऑनलाइन शॉपिंग कर रही है।

उसके मोबाइल पर शुक्रवार को एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह एक ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी का कर्मचारी बोल रहा है। उसने बताया कि दीपावली को देखते हुए कंपनी की तरफ से अपने ग्राहकों के लिए एक खास ऑफर दिया गया है।

इसमें कंपनी के पुराने ग्राहकों को ऑनलाइन उत्पाद खरीदने पर भारी छूट दी जाएगी। इसके लिए उन्हें कंपनी की तरफ से कुछ औपचारिकता पूरी करनी होगी।

इसके लिए उसने महिला के माेबाइल के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। उसने लिंक खोला तो इससे जुड़ी औपचारिकता पूरी करने के लिए कहा। उसकी बातों मेें आकर महिला ने मोबाइल पर भेजे गए लिंक पर क्लिक कर दिया। तुरंत ही उसके खाते से 37 हजार रुपये की रकम साफ हो गई। खाते से निकासी का मैसेज आने पर उसके होश उड़ गए।

महिला ने बैंक जाकर जानकारी जुटाई तो पता चला कि यह रकम किसी और खाते में भेजी गई है।

महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।I