लक्सर गन्ना समिति से किसानों को राहत, अब गन्ना तौल के लिए मिलेंगे तीन मौके

लक्सर गन्ना समिति से जुड़े किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। जो किसान किसी कारणवश भेजी गई गन्ना पर्ची पर गन्ने की तौल नहीं कर पाए थे, उन्हें अब निराश होने की जरूरत नहीं है। गन्ना समिति ऐसे किसानों को कुल तीन बार गन्ना पर्ची भेजेगी, जिससे वे अपना गन्ना तौल सकें।

लक्सर गन्ना समिति से लगभग 40 हजार से अधिक किसान जुड़े हुए हैं। बीते बरसात के मौसम में गंगा, सोनाली और बाणगंगा नदियों में आई बाढ़ के कारण अधिकांश किसानों की गन्ने की फसल नष्ट हो गई थी। इसके चलते शुगर मिल इस समय गन्ने की भारी कमी से जूझ रही है। हालांकि, गन्ना समिति लगातार किसानों को गन्ना तौल के लिए प्रेरित कर रही है, ताकि मिल में गन्ने की आपूर्ति बनी रहे।

गन्ना समिति के सचिव सूरजभान सिंह ने बताया कि इससे पहले किसानों को केवल एक बार ही गन्ना पर्ची भेजी जाती थी, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि अब किसानों को कुल तीन अवसर दिए जाएंगे। इस व्यवस्था से न केवल किसानों को राहत मिलेगी, बल्कि शुगर मिल में गन्ने की आवक भी लगातार बनी रहेगी।