सहालग से पहले कैटरर्स को राहत—शादी का कार्ड दिखाने पर मिलेगा गैस सिलेंडर

उत्तर प्रदेश में सहालग सीजन से पहले कैटरिंग व्यवसायियों को बड़ी राहत देने की पहल की गई है। उत्तर प्रदेश आदर्श टेंट, कैटरिंग एवं डेकोरेशन व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एडीएम सिविल सप्लाई ज्योति गौतम से मुलाकात कर गैस सिलेंडर की किल्लत से जुड़ी समस्याएं रखीं।

बैठक में एडीएम ने भरोसा दिलाया कि शादी समारोहों के लिए गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शादी का कार्ड और प्री-ऑर्डर बुकिंग का प्रमाण पत्र जमा कराया जाता है, तो व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। संबंधित गैस एजेंसियों को मांग भेजकर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि 15 अप्रैल से सहालग शुरू हो रही है, ऐसे में कैटरर्स के सामने सबसे बड़ी समस्या व्यावसायिक सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर है। उन्होंने मांग की कि इस दौरान सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

व्यापारियों का कहना है कि गैस की कमी के चलते कई परिवार शादियां टालने को मजबूर हो रहे हैं। विजय कुमार के अनुसार, कई मामलों में शादियां नवंबर तक के लिए टाल दी गई हैं, क्योंकि मेहमानों के खान-पान की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है।

नगर अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने बताया कि इंदिरानगर और चिनहट के कुछ परिवारों ने मार्च में अपनी शादियां स्थगित कर दी थीं और अब अप्रैल के अंत में आयोजन करने की योजना बना रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी भी गैस उपलब्धता को लेकर चिंता है।

कारोबारियों ने यह भी बताया कि गैस की कमी के कारण शादियों में चाट, पावभाजी और डोसा जैसे फूड काउंटर कम किए जा रहे हैं, क्योंकि इन पर लगातार गैस की जरूरत होती है। लकड़ी और कोयले का इस्तेमाल हर जगह संभव नहीं है, क्योंकि धुएं के चलते मैरिज लॉन संचालक आपत्ति जताते हैं।

प्रशासन की इस पहल से कैटरिंग व्यवसायियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे शादी समारोह बिना बाधा के संपन्न हो सकेंगे।