
Rishikesh : श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के कुल 63 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी की है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 अप्रैल तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि 24 अप्रैल तक आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय मुख्यालय में जमा करनी होगी।

विश्वविद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की भारी कमी बनी हुई है, जिसके कारण शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं। छात्र भी लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे थे।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार असिस्टेंट प्रोफेसर के 41, एसोसिएट प्रोफेसर के 11 और प्रोफेसर के 11 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सबसे अधिक असिस्टेंट प्रोफेसर के 6 पद वाणिज्य संकाय में हैं। इसके अलावा भौतिक विज्ञान विभाग में 5, जंतु विज्ञान में 4, जबकि अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, रसायन विज्ञान, गणित और वनस्पति विज्ञान में 3-3 पदों पर भर्ती की जाएगी। अन्य विभागों में भी एक और दो पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की भर्ती भी जल्द
विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर भी जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। प्रथम चरण में 26 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की योजना है। कुछ पदों पर वेतन विसंगतियों को दूर करने के लिए विश्वविद्यालय ने शासन से सुझाव मांगा है। वेतन संबंधी मुद्दे सुलझते ही इन पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश चंद्र ने बताया कि असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के कुल 63 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया को पूर्ण किया जाएगा।
