कोटद्वार में सियासी हलचल तेज, सांसद चंद्रशेखर के पहुंचने की सूचना पर पुलिस हाई अलर्ट…

कोटद्वार। कोटद्वार में सांसद चंद्रशेखर समेत अन्य राजनीतिक शख्सियतों के पहुंचने की सूचना के बाद पौड़ी पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। शहर की सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहनों को वापस लौटाया जा रहा है। स्वयं एसएसपी ने कोटद्वार में डेरा डालते हुए पुलिस अधिकारियों को ब्रीफ किया है। शहर में लगातार पैदल मार्च और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

दीपक कुमार द्वारा खुद को मोहम्मद दीपक बताए जाने के बाद मचे विवाद के चलते कोटद्वार में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुस्लिम समाज के लोग, साथ ही उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विपक्षी दल दीपक के समर्थन में सामने आ रहे हैं। इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं के सोशल मीडिया पर ट्वीट करने से माहौल और अधिक गरमा गया है।

विवाद के संबंध में कोटद्वार कोतवाली पुलिस ने अब तक तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा दुकानदार वकील अहमद की ओर से बजरंग दल के अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। दूसरा मुकदमा बजरंग दल कार्यकर्ता कमलपाल की ओर से दीपक उर्फ अक्की (मोहम्मद दीपक) और कांग्रेस नेता विजय रावत समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया है।

तीसरा मुकदमा खुद बाजार चौकी इंचार्ज विनोद कुमार की ओर से देहरादून और हरिद्वार से हंगामा करने पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज किया गया है। पुलिस को आशंका है कि यदि बजरंग दल की तर्ज पर दीपक के समर्थन में लोग कोटद्वार पहुंचे, तो कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। इसी को देखते हुए प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।