
रुड़की। सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ रुड़की पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को कोतवाली रुड़की क्षेत्र में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान हूटर बजाकर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाने वाले चार फोर व्हीलर वाहनों को पुलिस ने सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी को थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान कुछ वाहन चालक हूटर का अनुचित प्रयोग करते हुए तेज गति से वाहन चलाते पाए गए, जिससे आमजन की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा था।
जांच के दौरान अमन त्यागी पुत्र संजय त्यागी निवासी मंदाकिनी कॉलोनी, विशाल सैनी पुत्र वीर सिंह निवासी डंडेरी ख्वाजगीपुर और युग सचदेवा सहित अन्य वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारों वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अनधिकृत हूटर का प्रयोग न करें और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाकर स्वयं व दूसरों की जान को सुरक्षित रखें।

