

Dehradun : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से आध्यात्मिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा है, जो उनके लगातार दौरों में भी झलकता है।

करीब पांच महीने बाद प्रधानमंत्री का यह दौरा हो रहा है। इससे पहले वे 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उस अवसर पर एफआरआई परिसर में 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया था। साथ ही “विकसित उत्तराखंड” के लिए वेडिंग डेस्टिनेशन और “एक जिला एक मेला” जैसे विजन भी प्रस्तुत किए गए थे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस बार के दौरे को लेकर प्रदेशवासियों में खासा उत्साह है। प्रधानमंत्री इस दौरान देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे सहित कई अन्य विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने सीमांत क्षेत्रों के गांवों का दौरा कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। माणा गांव, मुखवा और आदि कैलाश जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के उनके दौरे इसका उदाहरण हैं।
