कोटीकॉलोनी में पैराग्लाइडिंग एक्रो एंड एसआईवी प्रतियोगिता, हवा में दिखे रोमांचक करतब..

Tehri: पर्यटन विकास परिषद की ओर से कोटीकॉलोनी में आयोजित पैराग्लाइडिंग एक्रो एंड एसआईवी प्रतियोगिता में पैराग्लाइडर आसमान में रोमांचक करतब दिखा रहे हैं। 27 जनवरी से शुरू हुई यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 30 जनवरी 2026 को संपन्न होगी। समापन अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

प्रतियोगिता के तहत पैराग्लाइडर जिला मुख्यालय के नजदीक ग्राम पंचायत कुठ्ठा और टिहरी जिले के प्रतापनगर क्षेत्र से टेकऑफ कर रहे हैं, जबकि टिहरी बांध की झील किनारे कोटीकॉलोनी में सुरक्षित लैंडिंग की जा रही है। झील और पहाड़ों के बीच उड़ान भरते पैराग्लाइडर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

इस प्रतियोगिता में भारत सहित कुल 11 देशों के 57 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। एक्रो और एसआईवी श्रेणी में खिलाड़ी हवा में संतुलन, नियंत्रण और साहस का बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।

पैराग्लाइडरों के करतब देखने के लिए कोटीकॉलोनी, कुठ्ठा और प्रतापनगर के आसपास के गांवों के लोगों की निगाहें दिनभर आसमान पर टिकी हुई हैं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों में भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह आयोजन टिहरी क्षेत्र को साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने में सहायक माना जा रहा है।