Oil Crisis: सरकार का दावा—देश में तेल और गैस की कमी नहीं, जमाखोरी पर सख्ती के निर्देश

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में पिछले दो सप्ताह से जारी बमबारी और बढ़ते तनाव के बीच भारत में तेल और गैस संकट की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि केंद्र सरकार ने इन आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा है कि देश में तेल और गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आम जनता को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारत के पास आवश्यक मात्रा में कच्चा तेल और गैस उपलब्ध है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। साथ ही राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि पेट्रोल, डीजल और गैस की जमाखोरी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

केंद्र सरकार के अनुसार हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।