

Haridwar: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल छीनने वाला युवक कुछ ही देर बाद गोली लगने से मृत पाया गया। पुलिस के अनुसार, युवक ने बहादराबाद क्षेत्र में गैस प्लांट के पास खाली मैदान में खुद को गोली मार ली।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल बरामद कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के फैजाबाद की रहने वाली युवती इन दिनों जमालपुर स्थित राम वाटिका में रहकर एक फैक्ट्री में काम कर रही है। युवती ने गैस प्लांट चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसके गांव का रहने वाला सुजीत वर्मा जमालपुर चौक के पास मिला और उससे विवाद करने लगा।
आरोप है कि युवक ने युवती के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की और मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की। पुलिस टीम बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास पहुंची, जहां बाउंड्री वॉल के पीछे एक खाली मैदान में युवक का शव बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने अपने पास मौजूद पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। युवती से मारपीट, धमकी और युवक के आत्मघाती कदम के बीच संबंधों को खंगाला जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया।
