
रुड़की। नगर निगम रुड़की ने चाव मंडी क्षेत्र स्थित 11 बीघा भूमि को लेकर चली लंबी कानूनी लड़ाई में बड़ी सफलता हासिल की है। अदालत में मजबूत पैरवी के बाद फैसला निगम के पक्ष में आया, जिससे करोड़ों रुपये मूल्य की इस भूमि पर निगम का अधिकार सुनिश्चित हो गया।
बताया गया है कि इस बहुमूल्य भूमि पर कई लोगों की नजर थी, लेकिन न्यायालय के निर्णय के बाद नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जमीन पर गेट लगाकर यहां वाहन कार्यशाला स्थापित कर दी है।
फैसले के बाद मेयर अनीता अग्रवाल, उनके प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल और नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और भूमि को समतल कराने का कार्य शुरू कराया। गेट की मरम्मत और प्लास्टर के बाद यहां नगर निगम वाहन कार्यशाला का बोर्ड भी लगा दिया गया है।
बोर्ड पर मेयर, नगर आयुक्त और स्थानीय पार्षद धीरज पाल की तस्वीर भी अंकित की गई है।
मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम की सभी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
