

रुड़की। लक्सर क्षेत्र में मासिक धर्म के दौरान स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रोटरी इंटरनेशनल के ग्लोबल ग्रांट प्रोजेक्ट के तहत एक महत्वपूर्ण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह परियोजना Rotary Fremont Bridge (यूएसए) और Rotary Club Roorkee Midtown के संयुक्त सहयोग से संचालित की गई।

परियोजना के अंतर्गत पुन: उपयोग योग्य (रीयूजेबल) सैनिटरी नैपकिन के निर्माण और उपयोग को बढ़ावा दिया गया। इसके लिए 30 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया, जिनके माध्यम से करीब 300 महिलाओं एवं बालिकाओं को सैनिटरी नैपकिन बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
इसके साथ ही लगभग 1000 स्कूली छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष व्याख्यान आयोजित किए गए। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों में जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
इस प्रोजेक्ट के तहत 50 सिलाई मशीनें, आवश्यक कपड़ा और प्रशिक्षण सहित सभी खर्च रोटरी क्लब द्वारा वहन किया गया। परियोजना के क्रियान्वयन में Fem World India का विशेष सहयोग रहा।
लक्सर में आयोजित समापन समारोह में वक्ताओं ने इस पहल को महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं के बिना संकोच भागीदारी करने पर आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में रवि प्रकाश (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080), हेमंत अरोड़ा (पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर), डॉ. विकास त्यागी (अध्यक्ष, रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन), हिमांशु पुंडीर, रमेश रावल, ऋचा अहलावत, डॉ. मधुलिका, डॉ. राधिका, शालिनी, अमित कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं और विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
यह परियोजना क्षेत्र में व्यापक सराहना प्राप्त कर रही है और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभर रही है।
