झड़प के दौरान कई लोग घायल, ईद की नमाज के दौरान हुआ बवाल

ईद के मौके पर मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के कस्बा सिवालखास में मुस्लिम समुदाय के दो गुटों के बीच तनाव बढ़ गया। बच्चों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते बड़ों के बीच झड़प में बदल गई। बात इतनी बढ़ गई कि पथराव और मारपीट के बाद गोली भी चली। इस हिंसा में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि अभी तक दोनों पक्षों में से किसी ने भी पुलिस को तहरीर नहीं दी है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हापुड़ में भी ईद की नमाज के दौरान तनाव देखने को मिला। यहां पुलिस ने ईदगाह में जगह भर जाने के बाद लोगों को रोक दिया, जिससे नमाजियों में नाराजगी फैल गई। कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच बहस चलती रही, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई और नमाजी वापस लौट गए।

सहारनपुर में फिलिस्तीन का झंडा लहराने से बढ़ा तनाव
सहारनपुर में ईद की नमाज के बाद कुछ लोगों ने फिलिस्तीन का झंडा लहरा दिया, जिससे माहौल गर्मा गया और झड़प के दौरान कुछ लोग घायल हो गए। कुछ नमाजियों ने हाथ पर काली पट्टी भी बांधी, जिससे स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया। इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

मुरादाबाद में पुलिस और नमाजियों के बीच टकराव
मुरादाबाद में ईदगाह में नमाज अदा करने को लेकर पुलिस और अकीदतमंदों के बीच तनातनी हो गई। पुलिस ने गलियों और सड़कों पर घूम-घूमकर अनाउंसमेंट किया कि सभी लोग जल्दी से ईदगाह पहुंचें क्योंकि नमाज शुरू होने में कुछ ही मिनट शेष रह गए हैं। इस अनाउंसमेंट के बाद नमाजी गलियों से भागते हुए ईदगाह की ओर बढ़ने लगे। हालांकि, स्थिति को संभाल लिया गया और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी
इन घटनाओं को देखते हुए यूपी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।  स्थानीय प्रशासन और धार्मिक नेताओं ने लोगों से अपील की है कि वे ईद का जश्न शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही, पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

NEWS SOURCE Credit : punjabkesari