परमार्थ निकेतन में धूमधाम से मनाई गई महाशिवरात्रि, निकली भगवान शिव की भव्य बारात

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। परमार्थ गुरुकुल के आचार्यों और ऋषिकुमारों ने भगवान शिव की भव्य बारात निकाली, जिससे आश्रम परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

महाशिवरात्रि रिट्रीट में देश-विदेश से आए साधक, योगी और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भगवान शिव की बारात आश्रम परिसर से होते हुए गंगा तट तक पहुंची, जहां भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। ऋषिकुमारों ने रुद्राष्टाध्यायी, महामृत्युंजय मंत्र और शिव स्तोत्रों का उच्चारण कर आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक पवित्र बना दिया।

इस अवसर पर स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि महाशिवरात्रि चेतना की वह रात्रि है, जो हमें विनाश से सृजन, अंधकार से प्रकाश और सीमितता से अनंतता की ओर ले जाती है। यह आत्मजागरण और आंतरिक परिवर्तन का पर्व है।

आश्रम में रात्रि के समय विशेष जागरण और सत्संग का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति और ध्यान के माध्यम से शिवत्व का अनुभव किया।