हरिद्वार पहुंचे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, संतों से लिया आशीर्वाद…

हरिद्वार।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बुधवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले सप्तऋषि क्षेत्र स्थित भारत माता मंदिर में आयोजित समारोह में भाग लिया और संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह के उपरांत मुख्यमंत्री सीधे कनखल स्थित जगतगुरु आश्रम पहुंचे।

जगतगुरु आश्रम में देवेंद्र फडणवीस ने जगतगुरु शंकराचार्य राज्यराजेश्वराश्रम महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने जगतगुरु के गुरु ब्रह्मलीन स्वामी प्रकाशानंद की एक ऐतिहासिक फोटो भी देखी, जिसमें वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापकों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं और गले में माला पहने हुए हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस उस फोटो को अपने साथ महाराष्ट्र लेकर गए।

जगतगुरु शंकराचार्य राज्यराजेश्वराश्रम महाराज और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच करीब आधे घंटे से अधिक समय तक आध्यात्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। युवाओं ने उनके साथ सेल्फी और फोटो खिंचवाई।

मुख्यमंत्री के हरिद्वार आगमन से आश्रम परिसर और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।