
देहरादून। उत्तराखंड हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता को नियुक्त किया गया है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के कोलेजियम ने उन्हें उत्तराखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस पद पर नियुक्ति की सिफारिश की थी, जिसे भारत सरकार ने मंजूरी देते हुए राष्ट्रपति को संस्तुति भेजी।
कार्यभार कब संभालेंगे जस्टिस मनोज गुप्ता?
भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। संविधान के अनुच्छेद 217(1) के तहत की गई इस नियुक्ति के अनुसार जस्टिस मनोज गुप्ता 10 जनवरी 2026 से उत्तराखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी नरेंद्र 9 जनवरी 2026 को रिटायर हो रहे हैं।
जस्टिस मनोज गुप्ता का करियर
जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता का जन्म 9 अक्टूबर 1964 को हुआ। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से 1987 में एलएलबी की डिग्री हासिल की और 6 दिसंबर 1987 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। उन्होंने वकालत के दौरान मुख्य रूप से सिविल, संवैधानिक और किराया नियंत्रण संबंधी मामलों में विशेषज्ञता हासिल की।
इलाहाबाद हाई कोर्ट में योगदान
जस्टिस मनोज गुप्ता को 12 अप्रैल 2013 को इलाहाबाद हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया गया, जबकि 10 अप्रैल 2015 को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उन्होंने 22 नवंबर 2023 से 4 फरवरी 2024 तक इलाहाबाद हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार भी संभाला।उत्तराखंड हाई कोर्ट में उनकी नियुक्ति न्यायपालिका में अनुभव और विशेषज्ञता को मजबूत करती है और राज्य के न्यायिक तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

