
रुड़की। देशभर में आर्म फोर्सेज मेडिकल सर्विस की ओर से गुरुवार सुबह 7:45 बजे आयोजित हाथ स्वच्छता अभ्यास के तहत रुड़की मिलिट्री हॉस्पिटल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य भारत और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में हाथ स्वच्छता अभ्यास का रिकॉर्ड स्थापित करना रहा।

घने कोहरे के बावजूद सुबह साढ़े सात बजे मिलिट्री हॉस्पिटल परिसर में बड़ी संख्या में सैन्य एवं चिकित्सा अधिकारी, जेसीओ, नर्सिंग अधिकारी और सैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम सैन्य नर्सिंग सेवा के गौरवपूर्ण 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मिलिट्री हॉस्पिटल के कमांडेंट ब्रिगेडियर गुरप्रीत सिंह भाटिया एवं रुड़की कैंट बोर्ड के सीईओ दिग्विजय सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल कंचन ने देशव्यापी हाथ स्वच्छता प्रोटोकॉल अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य रोगी सुरक्षा और संक्रमण नियंत्रण उपायों को और अधिक सुदृढ़ करना है।
इसके बाद मेजर अंजू एंटनी ने हाथ स्वच्छता के छह चरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों ने पूर्ण सजगता और अनुशासन के साथ हाथ स्वच्छता अभ्यास में हिस्सा लिया।

