
देहरादून। दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े हुई गुंजन की हत्या के मामले में जांच के दौरान कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। आरोपी आकाश पिछले दो दिनों से धारदार हथियार लेकर घूम रहा था। इस बात की जानकारी 31 जनवरी को ही आकाश की पत्नी ने गुंजन के परिजनों को दे दी थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।

सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के दूल्हा बाजार में आकाश ने गुंजन पर चापड़ से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया और विरोधस्वरूप बाजार बंद कर दिया गया।
जांच में सामने आया है कि इससे पहले भी आकाश द्वारा परेशान किए जाने पर गुंजन ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था। समझौते के बाद भी आकाश लगातार गुंजन से संपर्क करने की कोशिश करता रहा और कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था।
गुंजन के भाई अंश के अनुसार, 31 जनवरी को आरोपी की पत्नी ने फोन कर चेतावनी दी थी कि आकाश धारदार हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस को दी गई तहरीर में यह भी उल्लेख है कि आकाश ने फिल्मी अंदाज़ में धमकी देते हुए कहा था कि यदि गुंजन उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसकी हत्या कर देगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि टीम को जल्द से जल्द गहन जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल कर उसी आधार पर चार्जशीट दाखिल की जाएगी

