
गैरसैंण:
गैरसैंण में आयोजित उत्तराखंड विधानसभा सत्र पांचवें दिन देर रात करीब 12:30 बजे तक चला। लंबी चर्चा के बाद धामी सरकार ने 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट पारित करा लिया। बजट पारित होने के बाद विधानसभा सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। वर्तमान वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बजट के आकार में 10.41 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
सरकार ने बजट में आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए ‘ज्ञान और संतुलन’ का मंत्र दिया है। यह पहला अवसर है जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में वित्त मंत्री के रूप में अपनी सरकार का बजट प्रस्तुत किया।
सरकार को नए वित्तीय वर्ष में 1,11,703.21 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। इसमें 67,525.77 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्तियों और 42,617.35 करोड़ रुपये पूंजीगत प्राप्तियों से आने का अनुमान लगाया गया है।
सरकार के अनुसार यह कर-मुक्त बजट है और इसमें राजस्व घाटे का कोई अनुमान नहीं लगाया गया है। हालांकि 12,579.70 करोड़ रुपये के राजकोषीय घाटे का अनुमान जताया गया है।
