
रुड़की। कलियर-रुड़की रोड स्थित पुल के पास पुरानी गंगनहर के किनारे सोमवार सुबह भ्रूण मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कूड़े के ढेर में लाल कपड़े में लिपटे भ्रूण को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया।

सुबह करीब आठ बजे राहगीरों ने पुल के पास गंगनहर किनारे कूड़े में लाल कपड़े से बाहर निकला एक हाथ देखा। पास जाकर जांच करने पर भ्रूण लिपटा हुआ मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि जिस मासूम को जन्म के बाद सुरक्षा और स्नेह मिलना चाहिए था, उसे इस तरह लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। इस घटना ने मानवता को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार भ्रूण करीब चार माह का है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण को वहां कौन छोड़कर गया।
