
रुड़की। खाद्य पदार्थों में शुद्धता बनाए रखने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान तीन दुकानों से गुजिया, बर्फी और रसगुल्ले के सैंपल जांच के लिए लिए गए। वहीं, एक महिला की शिकायत पर डेयरी की जांच की गई, जहां बासी और दुर्गंधयुक्त दूध मिलने पर उसे टीम की मौजूदगी में नष्ट कर दिया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडे ने बताया कि विशाल मेगा मार्ट के पास स्थित एक मिठाई की दुकान पर मिलावट की आशंका के चलते गुजिया का सैंपल लिया गया। इसके अलावा दो अन्य दुकानों से बर्फी और रसगुल्ले के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
इस बीच सोलानीपुरम क्षेत्र की एक महिला की शिकायत पर जनता डेयरी की जांच की गई। शिकायतकर्ता द्वारा खरीदा गया दूध घर पर जांच के दौरान फटा हुआ पाया गया। निरीक्षण में डेयरी पर रखा करीब 25 लीटर दूध बासी और दुर्गंधयुक्त मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पांडे के अनुसार, डेयरी संचालक को खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं तथा नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आगे भी मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
