
भगवानपुर।
रविदास शोभायात्रा के भंडारे के दौरान रविवार को युवकों के दो गुटों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग हो गई। इस दौरान पहले पक्ष के युवक आनंद (28) की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका है। घटना में छर्रे लगने से तीन अन्य युवक घायल हो गए। वारदात के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

भगवानपुर क्षेत्र के बिनारसी गांव में रविवार को रविदास शोभायात्रा निकाली गई, जिसका समापन मंदिर परिसर में हुआ। इसके बाद मंदिर के समीप भंडारे का आयोजन किया जा रहा था। शाम करीब पांच बजे भंडारे के दौरान वहां काफी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर युवकों के दो गुटों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते फायरिंग में बदल गई।
फायरिंग के दौरान बिनारसी गांव निवासी आनंद (28) के सीने में गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध जताया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने के बाद देर शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना में छर्रे लगने से घायल हुए विकास, गगन और योगेंद्र को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
उधर, देर रात गांव के ही खेत में दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) का शव बरामद हुआ। शरीर पर चोट के निशान मिलने से पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

