बारिश और तेज हवाओं से किसानों की बढ़ी चिंता, गेहूं-सरसों की फसल को भारी नुकसान

हरिद्वार क्षेत्र | क्षेत्र में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल तेज हवाओं के कारण जमीन पर गिर गई है, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। किसानों के अनुसार, मौसम में लगातार बदलाव से हालात और बिगड़ सकते हैं। गन्ने की अगेती बुवाई पर भी असर पड़ा है, जहां बारिश के चलते बोया गया बीज खराब होने का खतरा है और दोबारा बुवाई करनी पड़ सकती है।

इसके साथ ही सरसों की पकी हुई फसल पर भी संकट मंडरा रहा है। किसानों का कहना है कि बारिश के कारण सरसों के दाने काले पड़ सकते हैं, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होंगे। बहादराबाद, बोगला, रोहालकी किशनपुर, अलीपुर, अहमदपुर, इब्राहिमपुर, सलेमपुर, खेड़ली, बेगमपुर और मीरपुर समेत कई गांवों के किसानों ने फसलों को नुकसान होने की बात कही है।

खंड कृषि अधिकारी राजकुमार ने बताया कि गेहूं और सरसों की फसल इस समय दाना बनने की अवस्था में थी, ऐसे में फसल गिरने और नमी बढ़ने से गुणवत्ता प्रभावित होगी और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

श्यामपुर क्षेत्र में भी अचानक बदले मौसम ने रबी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल कई जगह जमीन पर बिछ गई है। किसानों ने बताया कि फसल पूरी तरह तैयार थी, लेकिन बारिश और आंधी ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।