आज रात प्रदेशभर में मनाया जाएगा अर्थ ऑवर, एक घंटे बंद रहेंगी गैर-जरूरी लाइटें

उत्तराखंड में आज रात ‘अर्थ ऑवर’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश सरकार ने शनिवार रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइटों और विद्युत उपकरणों को बंद रखने की अपील की है।

इस संबंध में शासन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें आम जनता से सहयोग करने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

दरअसल, वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ), नई दिल्ली द्वारा इस वैश्विक अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।

इस पहल के तहत लोगों से अपील की गई है कि वे एक घंटे तक सभी गैर-जरूरी विद्युत उपकरणों को बंद रखें और ऊर्जा संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।