
Dehradun : व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति ठप होने से देहरादून के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। रसोई गैस की कमी के कारण कई होटल-रेस्टोरेंट अब इंडक्शन चूल्हों के सहारे काम चलाने की तैयारी कर रहे हैं। कुछ संचालकों ने इंडक्शन चूल्हे मंगा लिए हैं, जबकि कई अन्य इसकी व्यवस्था करने में जुटे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब देहरादून में भी दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। प्रशासन ने फिलहाल व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी है, जिसका असर घरेलू गैस की उपलब्धता पर भी पड़ रहा है।
होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि मौजूदा स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है। अगर जल्द ही सिलिंडर की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
दून होटल ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति फिलहाल बंद है और जो स्टॉक मौजूद है, वह भी धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। ऐसे में होटल संचालकों को मजबूरन इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
वहीं कुछ होटल संचालकों का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन अधिक दिनों तक स्टॉक नहीं चल पाएगा। यदि जल्द ही व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो होटल-रेस्टोरेंट संचालन में गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं।
