
कोटद्वार। शहर के पटेल मार्ग क्षेत्र में एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर शनिवार को विवाद गहरा गया। दुकान का नाम “बाबा” रखे जाने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। देहरादून से पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, जिससे करीब 20 मिनट तक पटेल मार्ग पर यातायात बाधित रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर थाने ले जाया गया। पुलिस की तत्परता से हालात को काबू में किया गया।
मारपीट का मामला, दोनों पक्षों की तहरीर
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले इसी विवाद को लेकर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान दुकानदार पक्ष और कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला बढ़ता देख दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
नाम बदलने के वादे पर विवाद
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्होंने पहले भी दुकान के नाम को लेकर आपत्ति जताई थी। उस समय दुकानदार की ओर से यह कहा गया था कि दुकान शिफ्ट होने के बाद नाम बदल दिया जाएगा, लेकिन दुकान स्थानांतरित होने के बावजूद नाम नहीं बदला गया। वीडियो में कुछ कार्यकर्ता यह कहते भी नजर आ रहे हैं कि कोटद्वार में “बाबा” नाम केवल सिद्धबली बाबा से जुड़ा होना चाहिए।
दुकान पुरानी होने का दावा
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति स्वयं का नाम मोहम्मद दीपक बताते हुए सामने आता है और कहता है कि दुकान करीब 30 वर्ष पुरानी है, इसलिए इस मामले में अनावश्यक राजनीति न की जाए। आरोप है कि इसी दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट हुई।
कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

