नवरात्र में धामी कैबिनेट का विस्तार आज, पांच नए मंत्री लेंगे शपथ

देहरादून, धामी मंत्रिमंडल के विस्तार का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह 10 बजे लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। वर्तमान में कैबिनेट में पांच मंत्रियों के पद खाली हैं, जिन्हें आज भरा जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, नए मंत्रियों के चयन में विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया है। नई कैबिनेट में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों के बीच संतुलन बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

प्रदेश में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। इस संबंध में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कई दौर की वार्ता भी हो चुकी थी। सरकार और संगठन के बीच सभी तैयारियां पूरी होने के बाद विस्तार के लिए नवरात्र का शुभ मुहूर्त चुना गया।

कुल पांच पद हैं खाली:
धामी सरकार में पहले से तीन मंत्री पद खाली थे। इसके अलावा एक पद मंत्री चंदन रामदास के निधन के बाद और दूसरा पद प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद रिक्त हुआ। इस प्रकार वर्तमान में मंत्रिमंडल में कुल पांच पद खाली हैं।

दायित्व भी जल्द बंटेंगे:
सरकार द्वारा निगमों, बोर्ड और आयोगों में पार्टी पदाधिकारियों को दायित्व देने की प्रक्रिया जारी है। अभी भी कई पद खाली हैं। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही करीब दो दर्जन और पदों पर दायित्वधारियों की नियुक्ति की जाएगी।