
Roorkee नगर निगम जोन क्षेत्र में जलापूर्ति को बेहतर बनाने के लिए करीब 2 करोड़ 8 लाख रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। विभागीय एवं राज्य योजना के अंतर्गत तीन नलकूपों की मरम्मत कराई जाएगी, जबकि दो नए नलकूप लगाने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि ये कार्य वित्तीय वर्ष 2026–27 में पूरे होंगे।

शहर में पानी की आपूर्ति के लिए रामनगर और नगर निगम जोन बनाए गए हैं। नगर निगम जोन के अंतर्गत आने वाले 40 वार्डों में 23 नलकूप और 11 ओवरहेड टैंक के माध्यम से करीब 17 हजार उपभोक्ता परिवारों को पानी की आपूर्ति की जा रही है। बीते कुछ वर्षों से जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ कर लो प्रेशर की समस्या से राहत दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं सिविल लाइंस क्षेत्र, पड़ाव और गणेशपुर में नलकूप खराब होने के कारण लोगों को जरूरत के अनुसार पानी नहीं मिल पा रहा है। पूरे सिविल लाइंस क्षेत्र में फिलहाल गांधी वाटिका से जलापूर्ति की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को लो प्रेशर की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान ने बताया कि पड़ाव, गांधी वाटिका और सिविल लाइंस क्षेत्र में बंद पड़े नलकूपों को जल्द ठीक कराया जाएगा। इसके साथ ही आदर्श नगर और सोलानीपुरम में दो नए नलकूप लगाने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है। इन सभी कार्यों के लिए लगभग 2.08 करोड़ रुपये के बजट की आवश्यकता है, जिसे लेकर मुख्यालय स्तर पर चीफ इंजीनियर द्वारा शासन को फाइल भेजने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर लापरवाही का आरोप
सिविल लाइंस क्षेत्र में सेंटर प्वाइंट के पास एक नलकूप पिछले पांच वर्षों से खराब पड़ा है। करीब दो साल पहले इसे ठीक कराने के लिए यूपी से सामान मंगवाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक नलकूप चालू नहीं हो सका। क्षेत्र में एक अन्य नलकूप भी वर्षों से खराब पड़ा है, जिससे स्थानीय लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

