

देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा का शुभारंभ बृहस्पतिवार से कर दिया गया है। इस सेवा की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की। उन्होंने इस मौके पर एलाइंस एयर की उड़ान में सवार यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।

यह हवाई सेवा क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना के अंतर्गत संचालित की जा रही है। एलाइंस एयर द्वारा करीब 42 सीटों वाले विमान से इस सेवा को शुरू किया गया है। देहरादून से नैनी सैनी हवाई अड्डे तक यह उड़ान संचालित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब पिथौरागढ़ का 12 से 14 घंटे का लंबा सफर मात्र एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि हवाई संपर्क योजना के तहत राज्य के अन्य जिलों को भी आपस में जोड़ने की तैयारी की जा रही है, जिससे प्रदेश में कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन से प्रेरित होकर राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि एक बार शुरू हुए प्रोजेक्ट बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह हवाई सेवा क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा देगी।
