

नई दिल्ली। डाबड़ी इलाके में हुए सनसनीखेज चाकूबाजी कांड के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के साथ मुठभेड़ की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। इस घटना में एक डिलीवरी बॉय की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे।

पुलिस के अनुसार, बदमाशों की पहचान प्रेम शर्मा और रोहित के रूप में हुई है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान दोनों आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डिलीवरी बॉय की हुई थी हत्या
दरअसल, द्वारका के मधु विहार-राजापुरी इलाके में मामूली कहासुनी के बाद दो हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए तीन अन्य लोगों पर भी आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार किए।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां 30 वर्षीय गोविंद झा को मृत घोषित कर दिया गया। गोविंद झा Swiggy में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत थे और मोहन गार्डन में अपने परिवार के साथ रहते थे।
अन्य घायलों में परवेज हुसैन, अनीस और रोहित शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है और वे फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
छोटे विवाद ने लिया हिंसक रूप
जांच में सामने आया है कि रोहित का पड़ोस में रहने वाले दो युवकों से बैग टकराने को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
इस दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों को भी निशाना बनाया गया। मौके पर पहुंचे गोविंद झा ने जब झगड़ा रोकने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनके सीने में चाकू मार दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
