रुड़की में 1 फरवरी को होगी साइकिल रेस, 200 से अधिक स्कूली बच्चे लेंगे हिस्सा…

रुड़की। देवभूमि मानवाधिकार सेवा संघ की ओर से रविवार, एक फरवरी को नगर में साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों से आमंत्रित 200 से अधिक बच्चे प्रतिभाग करेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना है।

सिविल लाइंस स्थित संघ कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संयोजक चेरब जैन और संघ अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने जानकारी दी कि साइकिल रेस की शुरुआत नगर निगम परिसर से की जाएगी। रेस का मार्ग नगर निगम से गणेशपुर पुल, गोल चौक, रोडवेज, रुड़की टॉकीज चौक, प्रेम मंदिर होते हुए पुनः नगर निगम परिसर पर समाप्त होगा।

संघ सचिव आकाश जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप साइकिल प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा, प्रथम दस स्थान हासिल करने वाले बच्चों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

संघ अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की अपील की।