रानीखेत में जनस्वास्थ्य के प्रति बढ़ा विश्वास | संजय पाण्डे ने किया राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण

रानीखेत। जनसेवा को अपना दायित्व मानते हुए अल्मोड़ा के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने रानीखेत स्थित गोविन्द सिंह माहरा राजकीय नागरिक चिकित्सालय परिसर में संचालित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय रानीखेत का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओ.पी.डी. रजिस्ट्रेशन व्यवस्था, औषधियों की उपलब्धता, मरीजों की संख्या तथा उपचार प्रणाली की जानकारी विस्तार से प्राप्त की। चिकित्सालय में तैनात डॉ. आनंद से संवाद के दौरान अवगत कराया गया कि प्रतिदिन लगभग 50 से 60 मरीज उपचार हेतु यहां पहुंच रहे हैं। यह आंकड़ा स्पष्ट करता है कि क्षेत्र में होम्योपैथिक चिकित्सा के प्रति लोगों का विश्वास निरंतर बढ़ रहा है।

चिकित्सालय में वर्तमान समय में लगभग सभी आवश्यक होम्योपैथिक औषधियाँ उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को बिना किसी बाधा के उपचार मिल रहा है। डॉ. आनंद ने बताया कि होम्योपैथिक दवाएं सामान्यतः दुष्प्रभाव रहित मानी जाती हैं और सरकारी अस्पताल में ये सभी दवाइयाँ पूर्णतः निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को राहत मिल रही है।सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने कहा कि सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था ही समाज की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि जब सरकारी संस्थान पारदर्शिता, नियमितता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हैं, तो जनता का विश्वास स्वतः मजबूत होता है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े संस्थानों की समय-समय पर समीक्षा और जनसहभागिता से ही सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।