सीएम धामी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, भेंट किए पहाड़ी उत्पाद और दी रामनवमी की शुभकामनाएं

नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री से प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को सबसे पहले मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड की पारंपरिक पहचान को दर्शाते हुए बद्री गाय का घी, पहाड़ी क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाले पांच प्रकार के राजमा तथा शुद्ध शहद भी भेंट स्वरूप प्रदान किया।

सीएम धामी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री को रामनवमी की शुभकामनाएं भी दीं और प्रदेश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं से अवगत कराया।

बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान राज्य के विकास, पर्यटन और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।