सीएम धामी ने साहित्यकारों को किया सम्मानित, डॉ. जितेन ठाकुर को ‘साहित्य भूषण’

देहरादून (रिपोर्ट):
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह में प्रदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मानित किया। मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड भाषा संस्थान द्वारा आयोजित इस समारोह में साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रचनाकारों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान ‘साहित्य भूषण’ से डॉ. जितेन ठाकुर को सम्मानित किया। इसके साथ ही डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, केसर सिंह राय एवं अताए साबिर अफजल मंगलौरी को ‘उत्तराखंड दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार’ से नवाजा गया।

कार्यक्रम के दौरान “साहित्य नारी वंदन सम्मान” के तहत प्रो. दिवा भट्ट, उत्कृष्ट बाल साहित्य के लिए प्रो. दिनेश चमोला, ‘उत्तराखंड मौलिक रचना पुरस्कार’ के अंतर्गत डॉ. भूपेंद्र बिष्ट, डॉ. सुधा जुगरान और शीशपाल गुसाईं को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कुमाऊंनी एवं गढ़वाली साहित्य के लिए तारा पाठक, हेमंत सिंह बिष्ट और गजेंद्र नौटियाल को भी सम्मान मिला।

इसके अलावा “युवा कलमकार प्रतियोगिता” के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि उन्हें प्रदेश के महान साहित्यकारों को सम्मानित करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ‘साहित्य भूषण’ से सम्मानित डॉ. जितेन ठाकुर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे हिंदी साहित्य जगत के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

उन्होंने सभी साहित्यकारों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी रचनात्मकता के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।