सीएम धामी ने पद्म भूषण सम्मान पर भगत सिंह कोश्यारी को दी बधाई…

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कोश्यारी को देश के प्रतिष्ठित पद्म भूषण सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सम्मान भगत सिंह कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन में किए गए दीर्घकालिक, समर्पित और राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण योगदान का उचित मूल्यांकन है। उन्होंने कहा कि कोश्यारी ने उत्तराखंड आंदोलन से लेकर राज्य गठन, प्रशासनिक नेतृत्व और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन तक हर भूमिका में प्रदेश और देश को सुदृढ़ दिशा देने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोश्यारी का जीवन जनसेवा, सादगी और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।

स्वजल कर्मचारी संघ ने भी दी बधाई

इससे पूर्व, स्वजल कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी से उनके शासकीय आवास पर भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने स्वजल कर्मचारी संघ परिवार की ओर से उन्हें पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत किए जाने पर हार्दिक बधाई दी।

संघ के प्रतिनिधियों ने स्वजल विभाग के कर्मचारियों की विगत 28–29 वर्षों की निरंतर सेवाओं के बावजूद लंबित विभिन्न समस्याओं से भी कोश्यारी को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

इस पर भगत सिंह कोश्यारी ने कर्मचारी संघ को आश्वस्त किया कि भविष्य में जब भी संघ को उनकी आवश्यकता होगी, वे नि:स्वार्थ भाव से कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।