

देहरादून। हाल ही में देहरादून में हुई कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोबन सिंह, उप आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 मसूरी, और प्रभारी कुठालगेट चौकी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई लापरवाही के आरोपों के चलते की गई है।
धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में तुरंत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और सभी अवांछित एवं हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने खासतौर पर रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को पूरी मुस्तैदी और सख्ती के साथ काम करने के निर्देश दिए।
यह कदम राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
