मतलबपुर गांव में महिला की मौत के बाद बवाल, अंतिम संस्कार से पहले मायके पक्ष ने पति की पिटाई की

Roorkee: गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के मतलबपुर गांव में एक महिला की मौत के बाद उस समय विवाद हो गया, जब अंतिम संस्कार से पहले मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि मायके पक्ष के लोगों ने महिला के पति के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार बहादराबाद थाना क्षेत्र निवासी युवती की शादी चार साल पहले मतलबपुर गांव में हुई थी। कुछ दिन पहले महिला अपने मायके गई थी। वहां दो दिन पूर्व अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मंगलवार शाम मायके पक्ष के लोग महिला का शव लेकर ससुराल, मतलबपुर गांव पहुंचे थे। गंगनहर कोतवाली पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह अंतिम संस्कार से पहले मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि महिला के साथ ससुराल में मारपीट की गई थी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। इसी आरोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और विवाद हिंसक हो गया।

आरोप है कि इसी दौरान मायके पक्ष के लोगों ने महिला के पति की जमकर पिटाई कर दी। इससे उसके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

ससुराल पक्ष के आरोपों के बाद पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी और मामले की सूचना बहादराबाद थाना पुलिस को दे दी गई।

गंगनहर कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि मायके पक्ष ने महिला के साथ मारपीट का आरोप लगाया है, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ। फिलहाल पति पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। महिला के शव का पोस्टमार्टम बहादराबाद थाना पुलिस द्वारा कराया जाएगा। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।