जौलीग्रांट में भाजपा कोर कमेटी की बैठक आज, विधानसभा चुनाव रणनीति पर मंथन…

Dehradun : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के जौलीग्रांट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। उत्तराखंड भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जौलीग्रांट स्थित एक होटल में आज पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक की अध्यक्षता जेपी नड्डा करेंगे।

भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ सियासी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी है। कोर कमेटी की बैठक में मुख्य एजेंडा विधानसभा चुनाव रहेगा। इसमें तय किया जाएगा कि पार्टी अगला चुनाव किस रणनीति के तहत लड़ेगी, प्रमुख मुद्दे क्या होंगे और विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को किस प्रकार सक्रिय किया जाएगा। साथ ही यह भी चर्चा होगी कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच प्रभावी तरीके से कैसे पहुंचे।

हाल ही में भाजपा ने प्रदेश में पहले चरण का सर्वे पूरा किया है। बैठक में सर्वे रिपोर्ट के आधार पर सीटवार स्थिति की समीक्षा की जाएगी। यह देखा जाएगा कि किन सीटों पर पार्टी कमजोर है और किन सीटों पर जीत की स्थिति मजबूत है। विधायकों के प्रदर्शन और क्षेत्रीय समीकरणों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जो विधायक जिस सीट से निर्वाचित हैं, उन्हें उसी सीट से आगामी चुनाव की तैयारी करनी है। विधायक हों या मंत्री, किसी की सीट नहीं बदली जाएगी।