
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में 18 वर्षीय कश्मीरी शॉल विक्रेता पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। इस घटना को लेकर विभिन्न संगठनों और सामाजिक मंचों पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

देहरादून पुलिस के अनुसार, मामले में विकासनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 117(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी संजय यादव को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
परिवार के साथ शॉल बेच रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक अपने परिजनों के साथ विकासनगर इलाके में शॉल बेच रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों के साथ विवाद के बाद उस पर हमला किया गया। हमले में युवक का हाथ फ्रैक्चर हो गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में चोट लगने के कारण उसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में दून अस्पताल, देहरादून रेफर किया गया।
पहचान पूछने के बाद बढ़ी हिंसा का आरोप
जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नासिर खुएहामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से आरोप लगाया कि हमले से पहले युवक और उसके परिवार से पहचान को लेकर सवाल किए गए। जैसे ही उनके कश्मीर से होने और मुस्लिम समुदाय से जुड़े होने की जानकारी सामने आई, हिंसा और बढ़ गई। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी बदसलूकी हुई।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

