श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के शिक्षकों में रोष, वेतन व बिल भुगतान में देरी पर आंदोलन की चेतावनी…

श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में शिक्षकों का समय से वेतन भुगतान न होने और वर्षों से लंबित पड़े पारिश्रमिक बिलों को लेकर आक्रोश बढ़ गया है। विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (सूटा) ने वेतन और अन्य बिलों की भुगतान प्रक्रिया को विश्वविद्यालय स्तर पर जानबूझकर लंबित रखने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर में आयोजित बैठक में सूटा के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रत्येक माह की पहली तारीख को वेतन भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जाता, तो शिक्षक संघ दो तारीख से प्रशासनिक और गैर-शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार करेगा। बैठक में यह भी कहा गया कि जिन कर्मचारियों की वजह से बिल भुगतान में देरी हो रही है, उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

शिक्षकों ने जीपीएफ की मासिक जमा प्रक्रिया में अनियमितता पर भी गंभीर आपत्ति जताई, जिसके कारण ब्याज में विसंगतियाँ आ रही हैं। विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश के प्राध्यापकों ने बिलों के शीघ्र निस्तारण हेतु सहायक कुलसचिव (वित्त) की सप्ताह में कुछ दिनों की तैनाती की मांग भी रखी।

बैठक में संघ के अध्यक्ष प्रो. हेमंत सिंह, उपाध्यक्ष प्रो. कल्पना पंत, कोषाध्यक्ष प्रो. बी.एन. गुप्ता, सचिव प्रो. अंजनी दुबे, सह सचिव प्रो. प्रमोद कुकरेती सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।