

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में रामबाड़ा से गरुड़चट्टी तक वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अब इस मार्ग पर पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित किए जाने के बाद ही इसे श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा।

गौरतलब है कि केदारनाथ धाम की यात्रा गौरीकुंड से शुरू होकर लिंचोली के रास्ते पूरी होती है, जबकि वर्ष 2013 से पहले श्रद्धालु रामबाड़ा-गरुड़चट्टी मार्ग से होकर धाम पहुंचते थे। वर्ष 2013 की आपदा में यह मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने इस पुराने मार्ग को फिर से विकसित करने का कार्य करीब दो वर्षों से जारी रखा हुआ था। अब विभाग ने रामबाड़ा से गरुड़चट्टी तक करीब सवा पांच किलोमीटर लंबे मार्ग को पुनः तैयार कर लिया है।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता रायविंद ने बताया कि इस खंड का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि आगे का मार्ग पहले से ही ठीक स्थिति में है। इसके अलावा वर्तमान में उपयोग में आ रहे यात्रा मार्ग की भी मरम्मत कर ली गई है, जहां पिछले वर्ष भूस्खलन से नुकसान हुआ था।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने जानकारी दी कि इस नए मार्ग पर बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद मार्ग को खोला जाएगा। साथ ही, यह मार्ग आपात स्थिति में एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्ते के रूप में उपयोगी साबित होगा।
