खेड़ाजट में रिटायर्ड फौजी से लाखों की धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी का आरोप…

मंगलौर (हरिद्वार)।
कोतवाली क्षेत्र के खेड़ाजट गांव में एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त रक्षा कर्मी के साथ जमीन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी व पत्नी की सुरक्षा की मांग की है।

रविवार को खेड़ाजट निवासी मदन सिंह ने पुलिस को बताया कि वे वरिष्ठ नागरिक हैं और अपनी पत्नी के साथ अकेले रहते हैं। आरोप है कि गांव के ही गुलजार और सुरेंद्र ने सोची-समझी साजिश के तहत उनसे दो बीघा भूमि का सौदा किया। पीड़ित के अनुसार 17 अक्तूबर 2025 को आरोपियों ने उनसे आठ लाख रुपये लेकर जमीन का बैनामा करा लिया, जबकि उन्हें पहले से पता था कि संबंधित खाते में उतनी भूमि मौजूद ही नहीं है।

मदन सिंह का कहना है कि इस धोखाधड़ी में सोहनवीर भी शामिल है। आरोपियों ने मिलकर उन्हें कानूनी उलझनों में फंसाने के उद्देश्य से विभिन्न न्यायालयों में वाद भी दायर कर दिए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि अब ये सभी एकजुट होकर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपियों का कहना है कि यदि वे न्यायालय की तारीख पर गए तो उन्हें खत्म कर दिया जाएगा।

बुजुर्ग दंपती ने अपनी जानमाल को खतरा बताते हुए आशंका जताई कि दबंग किस्म के आरोपी कभी भी उनके घर पर हमला कर सकते हैं। इस संबंध में मदन सिंह ने चौकी प्रभारी नारसन को प्रार्थना पत्र सौंपकर वरिष्ठ नागरिक होने के नाते सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि रिटायर्ड फौजी की तहरीर पर सोहनवीर, ब्रजपाल, गुलजार और सुरेंद्र, निवासी खेड़ाजट थाना मंगलौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।