आगरा मिंकी हत्याकांड: युवती का सिर अब तक बरामद नहीं, बिना सिर के हुआ अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित पार्वती नगर (ट्रांस यमुना) की एक निजी कंपनी में कार्यरत एचआर मैनेजर मिंकी शर्मा हत्याकांड में पुलिस को अब तक युवती का सिर बरामद नहीं हो सका है। आरोपी ने हत्या के बाद मिंकी का सिर झरना नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नाले में तलाश कराई, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। सिर न मिलने से परिजनों में गहरा आक्रोश है।

पुलिस ने युवती के धड़ का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मजबूरी में परिजनों ने बिना सिर के ही मिंकी का अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की क्रूरता सामने आई है। आरोपी ने सिर धड़ से अलग करने के साथ-साथ दोनों पैरों पर भी वार किए थे। शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

बोरे में मिला था सिर कटा शव
23 जनवरी की रात करीब एक बजे थाना एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित जवाहर पुल पर एक बोरे में बंद युवती का सिर कटा शव मिला था। शिनाख्त पार्वती विहार, टेढ़ी बगिया निवासी मिंकी शर्मा (25) के रूप में हुई। वह संजय प्लेस स्थित मारुति प्लाजा की छठी मंजिल पर एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर थीं।

प्रेम संबंध और शक में हत्या
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी विनय राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उसी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर था और ट्रांस यमुना कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले छह महीनों से मिंकी किसी अन्य युवक से भी बातचीत करने लगी थी। इसी बात को लेकर आरोपी को शक था और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके चलते विनय ने हत्या कर दी।

भाई की शादी का कार्ड भेजने निकली थी मिंकी
मिंकी शर्मा के पिता अशोक शर्मा एक कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत हैं। मिंकी तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसका छोटा भाई दीपक है, जिसकी 6 फरवरी को शादी होनी है। 23 जनवरी को मिंकी दोपहर दो बजे भाई की शादी का कार्ड कूरियर करने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी।

सीसीटीवी से खुला राज
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी स्कूटी पर बोरा लेकर जवाहर पुल की ओर जाता दिखाई दिया। बाद में ऑफिस के कैमरों में भी वह बोरा खींचते हुए नजर आया। पुलिस ने फुटेज और स्कूटी के रूट के आधार पर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया।

फिलहाल पुलिस सिर की तलाश में जुटी है और आरोपी के एक दोस्त की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिसकी मदद से वह घटना के बाद घर पहुंचा था।