रुड़की की अनाज मंडी बीटीगंज के गोदाम में भीषण आग, दमकल की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला

रुड़की की अनाज मंडी बीटीगंज स्थित एक गोदाम में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की दो दमकल गाड़ियां अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव के नेतृत्व में मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से लाखों रुपये का सामान जलने से बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे फायर स्टेशन रुड़की को बीटीगंज अनाज मंडी स्थित एक दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। यह क्षेत्र गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आता है। गोदाम में चिप्स, मुरमुरे और खील जैसी खाद्य सामग्री का भंडारण किया गया था।

सूचना मिलते ही फायर यूनिट मौके पर पहुंची और मोटर फायर इंजन से दो होज पाइप लाइन फैलाकर पानी की बौछार शुरू की। धुएं से भरे वातावरण में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आयरन कटर की मदद से खिड़की काटी और गोदाम में रखा काफी सामान बाहर निकाला।

दमकल कर्मियों के अथक प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से भी रोक दिया गया। हालांकि आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा कुछ चिप्स, मुरमुरे और खील जलकर नष्ट हो गए, वहीं गोदाम की विद्युत वायरिंग और फिटिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई।

गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। मौके पर पुलिस की टीम भी मौजूद रही। फायर ब्रिगेड की समय पर कार्रवाई से लाखों रुपये का सामान बचा लिया गया।