हरिद्वार। अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के विरोध में महिला कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता ज्वालापुर के आर्य नगर स्थित विनोद आर्य के आवास का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन और पुलिस के साथ तीखी नोक-झोंक के बाद ज्योति रौतेला समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।
प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करना उसकी निजता का गंभीर उल्लंघन है और इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने विनोद आर्य की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि जिस तरह पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने जेनी प्रकरण में इस्तीफा दिया था, उसी तरह भाजपा के जिम्मेदार लोगों को भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
कांग्रेस नेता महक प्रताप राणा ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी प्रकरण में भाजपा पूरे मामले की दिशा बदलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले से जुड़े तथ्यों पर कार्रवाई करने के बजाय दूसरे मुद्दों को सामने लाया जा रहा है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर विनोद आर्य के खिलाफ निजता के हनन के आरोप में मुकदमा दर्ज करने और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
