

मंगलौर स्थित आवास पर समर्थकों ने मिठाई खिलाकर जताई खुशी, किसानों को सस्ता ऋण दिलाना प्राथमिकता
मंगलौर। हरिद्वार जिला सहकारी बैंक के चुनाव में मंगलौर के वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील राठी को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। उनके उपाध्यक्ष चुने जाने की खबर मिलते ही मंगलौर स्थित आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, सहकारी समितियों के सदस्यों और नगरवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर बुके भेंट किए और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष सुशील राठी ने जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष का पद सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती भी है।
राठी ने बताया कि पिछले चार वर्षों से जिला सहकारी बैंक की बोर्ड बैठक नहीं हो पाई थी। इसके चलते बैंक प्रशासक के हवाले रहा और किसानों की करोड़ों रुपये की रिकवरी भी बकाया है। उन्होंने कहा कि बैंक को दोबारा मुनाफे में लाना, निष्क्रिय पड़ी पैक्स समितियों को सक्रिय करना और किसानों को समय पर कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि जल्द ही बैंक की सभी शाखाओं का दौरा कर अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी और बैंक की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
